- दुनिया में अब तक 4 लाख 28 हजार 210 लोगों की मौत, जबकि 39.25 लाख से ज्यादा ठीक हुए
- अमेरिका में 21.16 लाख से ज्यादा संक्रमित, 1 लाख 16 हजार 825 लोगों की मौत हुई
Table of Contents
दैनिक भास्कर
Jun 13, 2020, 03:38 PM IST
वॉशिंगटन. दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 4 लाख 28 हजार 210 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमितों का आंकड़ा 77 लाख 31 हजार 673 हो गया है। अब तक 39 लाख 25 हजार 273 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पाकिस्तान से एक अहम खबर आ रही है। शाहिद खकान अब्बासी के बाद एक और पूर्व प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी संक्रमित हो गए हैं। उनके बेटे ने शनिवार दोपहर यह जानकारी दी।
कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश
देश |
कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 21,16,922 | 1,16,825 | 8,41,934 |
ब्राजील | 8,29,902 | 41,901 | 3,96,692 |
रूस | 5,11,423 | 6,715 | 2,69,370 |
भारत | 3,09,603 | 8,890 | 1,54,231 |
ब्रिटेन | 2,92,950 | 41,481 | उपलब्ध नहीं |
स्पेन | 2,90,289 | 27,136 | उपलब्ध नहीं |
इटली | 2,36,305 | 34,223 | 1,73,085 |
पेरू | 2,20,749 | 6,308 | 1,07,133 |
जर्मनी | 1,87,251 | 8,863 | 1,71,600 |
ईरान | 1,82,525 | 8,659 | 1,44,649 |
ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
पाकिस्तान : एक और पूर्व प्रधानमंत्री पॉजिटिव
9 जून को पूर्व प्रधानमंत्री शाहिद खकान अब्बासी पॉजिटिव पाए गए थे। अब शनिवार 13 जून को यूसुफ रजा गिलानी की टेस्ट रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। यानी चार दिन में पाकिस्तान के दो पूर्व प्रधानमंत्री पॉजिटिव पाए गए हैं। गिलानी के बेटे ने आरोप लगाया है कि उनके पिता नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो यानी नैब की वजह से संक्रमित हुए। खास बात ये है कि नैब गिलानी और अब्बासी दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर रही है। इन दोनों से कई बार पूछताछ हो चुकी है।
सोमालिया: आतंकी संगठन अल- शबाब ने ट्रीटमेंट सेंटर तैयार किया
सोमालिया के आतंकी संगठन अल-शबाब ने दावा किया है कि उसने कोविड-19 ट्रीटमेंट सेंटर तैयार किया है। संगठन ने रेडियो एंडलस में पर जानकारी दी कि राजधानी मोगादिशु से 380 किलोमीटर दक्षिण में जिलिब नाम की जगह में उसने ट्रीटमेंट सेंटर स्थापित किया है। एक दशक से अधिक समय से यह संगठन अफ्रीका के कई देशों में पश्चिमी देशों से समर्थन प्राप्त सरकार गिराने और इस्लामिक कानूनों से चलने वाली अपनी सरकार बनाने के लिए लड़ रहा है।
बीजिंग : कुछ हिस्सों में लॉकडाउन
राजधानी बीजिंग के कुछ हिस्सों में शनिवार सुबह लॉकडाउन घोषित कर दिया गया। शुक्रवार को यहां के दो बड़े बाजारों को बंद कर दिया गया था। हेल्थ मिनिस्ट्री के सूत्रों के मुताबिक, शहर में कुछ क्लस्टर सामने आए थे। इसके बाद माना जा रहा था कि सरकार सख्त कदम उठा सकती है। यहां स्थानीय तौर पर संक्रमण के दो मामले भी सामने आए थे। यहां देश के सबसे बड़े सीफूड मार्केट जिंगशेन को भी बंद कर दिया गया है।
शुक्रवार को बीजिंग में स्थानीय संक्रमण के 6 मामले सामने आए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इनमें से दो झिन्फादी बाजार गए थे। इसके बाद झिन्फादी और जिंगशेन होलसेल बाजार बंद कर दिए गए। यहां काम करने वाले सभी लोगों का टेस्ट किया जाएगा। फूड सैंपल भी कलेक्ट किए गए हैं। बीजिंग में सोमवार से स्कूल खुलने वाले थे। अब इस आदेश पर रोक लगा दी गई है।
रूस: 24 घंटे में संक्रमण के रिकॉर्ड 8700 मामले
रूस में 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के रिकॉर्ड 8700 मामले सामने आए और 114 लोगों की मौत हो गई। रूस में संक्रमण के कुल मामले पांच लाख 20 हजार 129 हो गए हैं।
ब्राजील : दम तोड़ते लोग
ब्राजील में शुक्रवार रात मरने वालों का आंकड़ा 41 हजार 901 हो गया। इसके साथ ही मौतों के मामले ब्राजील ब्रिटेन से आगे निकल गया। ब्रिटेन में इसी दौरान मरने वालों की संख्या 41 हजार 481 रही। कई दिन तक आंकड़े छिपाने के बाद अब ब्राजील सरकार ने अपडेट देना शुरू किया है। शुक्रवार को यहां 843 और संक्रमितों की मौत हुई। संक्रमण के लिहाज से ब्राजील पहले ही अमेरिका के बाद दूसरे नंबर पर था।
फ्रांस : यूरोप में यात्रा की इजाजत मिलेगी
फ्रांस सरकार 15 जून से कुछ यात्रा प्रतिबंध हटाने जा रही है। यहां जानकारी गृह मंत्री क्रिस्टोफी कास्टनर ने दी। यूरोपीय यूनियन से आवाजाही अब हो सकेगी। अंडोरा, आईसलैंड, मोनाको, नॉर्वे, सैन मरीनो और स्विट्जरलैंड से भी लोग आवाजाही कर सकेंगे। इन देशों से आने वालों पर क्वारैंटाइन की पाबंदियां भी लागू नहीं होंगी। स्पेन और ब्रिटेन के लिए सख्त पाबंदियां फिलहाल जारी रहेंगी। स्पेन से आने वालों को 14 दिन क्वारैंटाइन रहना होगा।
![Coronavirus China Italy | Coronavirus Outbreak China Italy Iran USA Pakistan Peru Live Today News Updates World Cases Novel Corona COVID-19 Death Toll | चार दिन में पाकिस्तान के दूसरे पूर्व प्रधानमंत्री पॉजिटिव, अब यूसुफ रजा गिलानी संक्रमित हुए; दुनिया में अब तक 77 लाख से ज्यादा संक्रमित 2 Coronavirus China Italy | Coronavirus Outbreak China Italy Iran USA Pakistan Peru Live Today News Updates World Cases Novel Corona COVID-19 Death Toll | चार दिन में पाकिस्तान के दूसरे पूर्व प्रधानमंत्री पॉजिटिव, अब यूसुफ रजा गिलानी संक्रमित हुए; दुनिया में अब तक 77 लाख से ज्यादा संक्रमित 1](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2020/06/13/2_1592014505.jpg)
अमेरिका : विरोध प्रदर्शनों से खतरा
अमेरिका में संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा एक लाख 14 हजार से ज्यादा हो गया है। जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक, शुक्रवार को यहां 9618 मामले सामने आए। इसी दौरान 308 लोगों की मौत हुई। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद हुए प्रदर्शनों की वजह से अमेरिका में संक्रमण का खतरा ज्यादा बढ़ा है। हालांकि, सरकार की तरफ से अब तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
डब्ल्यूएचओ : फीडिंग से बच्चे को खतरा नहीं
डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि ब्रेस्ट फीडिंग से संक्रमण का खतरा नहीं है। इसलिए वो महिलाएं जो संक्रमित हैं वो बच्चे को स्तनपान यानी ब्रेस्ट फीडिंग करा सकती हैं। डब्ल्यूएचओ चीफ डॉ. तेद्रोस गेब्रियेसस ने शुक्रवार को कहा, “कोविड-19 से संक्रमित या संक्रमण का संदेह होने पर भी बच्चे को फीडिंग कराई जानी चाहिए। जब तक मां बहुत ज्यादा बीमार नहीं है, बच्चे को उससे अलग नहीं किया जाना चाहिए।”
अमेरिका : फिर लग सकते हैं प्रतिबंध
अमेरिका में बढ़ते मामलों के मद्देजर एक बार फिर से प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। हेल्थ मिनिस्ट्री के अफसर जे बटलर ने शुक्रवार को कहा, “अगर कोरोना मामले इसी तरह बढ़ते रहे तो उसको रोकने के वही उपाय किए जा सकते हैं जो मार्च में किए गए थे। हम अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंचे, लेकिन विकल्प खुले हैं।” बटलर और सीडीसी के निदेशक डॉ रॉबर्ट रेडफ़ील्ड दोनों ने अमेरिकी लोगों को कम से कम छह फीट की सोशल डिस्टेंसिंग रखने और मास्क पहनने की सलाह दी है।
![Coronavirus China Italy | Coronavirus Outbreak China Italy Iran USA Pakistan Peru Live Today News Updates World Cases Novel Corona COVID-19 Death Toll | चार दिन में पाकिस्तान के दूसरे पूर्व प्रधानमंत्री पॉजिटिव, अब यूसुफ रजा गिलानी संक्रमित हुए; दुनिया में अब तक 77 लाख से ज्यादा संक्रमित 3 Coronavirus China Italy | Coronavirus Outbreak China Italy Iran USA Pakistan Peru Live Today News Updates World Cases Novel Corona COVID-19 Death Toll | चार दिन में पाकिस्तान के दूसरे पूर्व प्रधानमंत्री पॉजिटिव, अब यूसुफ रजा गिलानी संक्रमित हुए; दुनिया में अब तक 77 लाख से ज्यादा संक्रमित 2](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2020/06/13/1_1592014468.jpg)