- देश में कोरोना से अब तक 19 हजार 279 मौतें, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 8671 की जान गई
- शनिवार को देश में 14 हजार 743 मरीज ठीक हुए, अब तक 4 लाख 9 हजार से ज्यादा स्वस्थ
Table of Contents
दैनिक भास्कर
Jul 05, 2020, 02:59 AM IST
नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 6 लाख 73 हजार 904 हो गई है। शनिवार को रिकॉर्ड 24 हजार से ज्यादा नए मरीज बढ़े और 14 हजार 327 ठीक भी हो गए। covid19india.org के मुताबिक, महाराष्ट्र में भी एक दिन में सबसे ज्यादा 7074 पॉजिटिव मिले। राज्य में 2 लाख से ज्यादा मरीज हो गए, जबकि 8671 लोगों की मौत हो चुकी है।
उधर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव आई। दरअसल, नीतीश कुछ दिन पहले बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह से मिले थे। शुक्रवार को सिंह का कोरोना टेस्ट हुआ, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद सभापति के संपर्क में आए स्टाफ की भी जांच कराई गई।
LIVE UPDATES :
- चेन्नई में लॉकडाउन से राहत: चेन्नई में 6 जुलाई से लॉकडाउन में छूट का ऐलान किया गया है। सब्जी और अन्य जरूरी सामानों के लिए सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक दुकानें खुली रहेंगी। कपड़ों और हार्डवेयर की दुकानें सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक और रेस्टोरेंट शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक खुले रहेंगे। मुख्यमंत्री ने इसका ऐलान किया।
-
रेमडेसिविर की खुराक में बदलाव किया: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को एंटी-वायरल दवा रेमडेसिविर की खुराक में बदलाव किया है। इसकी खुराक को बीमारी के हल्के चरण में पहले छह दिन के बजाय घटाकर पांच दिन किया गया है। मंत्रालय ने इसके नया क्लीनिकल प्रोटोकॉल जारी किया है।
-
नए नियम के मुताबिक, इंजेक्शन के रूप में दी जाने वाली इस दवा की पहले दिन की खुराक 200 मिलीग्राम और बाद में रोजाना चार दिन तक 100 मिलीग्राम (कुल पांच दिन) की खुराक दी जानी चाहिए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 13 जून को सीमित इस्तेमाल के तहत इमरजेंसी के दौरान मरीज को रेमडेसिविर देने की मंजूरी दी थी।
- देश में 11 हजार वेंटिलेटर बनाए गए: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि देश में अब तक 11 हजार 300 वेंटिलेटर बनाए गए हैं। इनमें से 6154 वेंटिलेटर अस्पतालों को सौंप दिए गए हैं। वहीं, पूरे देश में 1.02 लाख ऑक्सीजन सिलेंडर की सप्लाई की गई है।
- लॉकडाउन के करीब 3 महीने बाद आज दिल्ली की जामा मस्जिद लोगों के लिए खोल दी गई। शाही इमाम सयैद अहमद बुखारी ने बताया कि मस्जिद सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक खुली रहेगी। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाएगा।
- आईसीएमआर ने शनिवार को बताया कि देश में अब तक 95 लाख 40 हजार 132 से ज्यादा टेस्ट हो चुके हैं। 3 जुलाई को 2 लाख 42 हजार 383 टेस्ट किए गए।
- कर्नाटक सरकार ने बताया कि 25 जून से 3 जुलाई तक सेकंडरी स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एसएसएलसी) एग्जाम में बैठे 32 स्टूडेंट्स कोरोना पॉजिटिव मिले। इसके अलावा, 80 छात्रों को क्वारैंटाइन किया गया है। 3 जुलाई तक राज्य में 7.60 लाख स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी।
- बेंगलुरु के कमिश्नर ने सड़क किनारे एंबुलेंस के इंतजार में जान गंवा देने वाले कोरोना मरीज के परिजन से मुलाकात कर माफी मांगी। मृतक की पत्नी ने बताया कि उनके पति को कोरोना संक्रमण हुआ था। घर में ही उनका इलाज चल रहा था। पिछले दिनों सांस लेने में दिक्कत हुई तो उन्होंने अस्पताल में एंबुलेंस के लिए फोन किया। दो घंटे तक इंतजार करने के बाद भी एंबुलेंस नहीं आई तो वह पति के साथ सड़क किनारे इंतजार करने लगी। मगर कोई ऑटो वाला भी नहीं रूका। इस दौरान उनके पति की सड़क किनारे ही मौत हो गई।

सोने का मास्क बनवाया
महाराष्ट्र के पुणे जिले के रहने वाले शंकर कुराडे ने सोने का मास्क बनवाया है। इसकी कीमत 2 लाख 89 हजार रुपए है। इसका वजन 50 ग्राम से ज्यादा है।

10 दिन में रिकवरी रेट 4% बढ़ा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अब तक 6 लाख 48 हजार 315 केस हो गए हैं। इनमें से 2 लाख 35 हजार 433 एक्टिव केस हैं। वहीं, 3 लाख 94 हजार 227 मरीज ठीक हो चुके हैं। अभी तक 18 हजार 655 मौतें हो चुकी हैं। अब रिकवरी रेट 60.73% है। पिछले 10 दिनों में इसमें 4% का इजाफा हुआ। 24 जून को रिकवरी रेट 56% था।
5 राज्यों का हाल
मध्यप्रदेश: यहां शनिवार को 307 नए मरीज सामने आए और 5 की जान गई। भोपाल में 51, इंदौर में 34, मुरैना में 78 पॉजिटिव केस बढ़े। राज्य में संक्रमितों की संख्या 14 हजार 604 हो गई, इनमें से 2772 एक्टिव केस हैं। कोरोना से अब तक 398 लोगों की मौत हुई है।

महाराष्ट्र: यहां शनिवार को 7074 संक्रमित मिले और 295 लोगों की मौत हुई। मुंबई में 1163, ठाणे में 2199 और पुणे में 1502 मामले बढ़े। प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 2 लाख 64 हो गई, इनमें से 83 हजार 295 एक्टिव केस हैं। कोरोना से अब तक 8671 ने जान गंवाई।
राज्य की जेलों में 31 कैदी और 3 सुरक्षाकर्मी पॉजिटिव मिले। महिला एवं बाल विकास मंत्री यशोमति ठाकुर ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने गर्भवती हेल्थवर्कर्स के लिए वर्क फ्रॉम होम की मांग की।

उत्तरप्रदेश: यहां शनिवार को 757 नए मरीज सामने आए और 24 की जान गई। गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में 77, गाजियाबाद में 86 और लखनऊ में 80 पॉजिटिव केस बढ़े। राज्य में संक्रमितों की संख्या 26 हजार 554 हो गई, इनमें से 7627 एक्टिव केस हैं। कोरोना से अब तक 773 लोगों की मौत हुई है।

राजस्थान: यहां शनिवार को 480 नए मरीज सामने आए और 7 की जान गई। जयपुर में 40, जालोर में 42 और धौलपुर में 39 पॉजिटिव केस बढ़े। राज्य में संक्रमितों की संख्या 19 हजार 532 हो गई, इनमें से 3445 एक्टिव केस हैं। कोरोना से अब तक 447 लोगों की मौत हुई है।

बिहार: यहां शनिवार को 349 संक्रमित मिले और 4 लोगों की मौत हुई। पटना में 24, सहारसा में 53 और मुजफ्फरपुर में 44 केस बढ़े। प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 11 हजार 457 हो गई, इनमें से 2881 एक्टिव केस हैं। कोरोना से अब तक 88 ने जान गंवाई है।
